सीरिया पर हुए हमले के बाद भारत में बढ़ सकती हैं पेट्रोल-डीजल की कीमतें - TWC News Reporter

Breaking News

सीरिया पर हुए हमले के बाद भारत में बढ़ सकती हैं पेट्रोल-डीजल की कीमतें

Imapct of Syria strike on India, Syria strike latest news
नई दिल्ली: सीरिया पर हुए हमले की वजह से भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमते बढ़ सकती हैं. अमेरीका, ब्रिटेन और फ्रांस ने मिलकर सीरिया में कई ठिकानों पर शनिवार की सुबह 100 मिसाइलों से हमला किया जिससे सीरिया के दमिश्क और होम्स शहर में तेज़ धमाके सुने गए. राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप का कहना है कि ये हमले सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल-असद की सरकार के उन ठिकानों पर किए गए हैं. जहां रासायनिक हथियारों के अड्डे थे.

सीरिया पर हमले का भारत पर असर

अमेरिका की इस कार्रवाई पर रूस ने नतीजे भुगतने की चेतावनी दी है. इसने दुनिया भर में तेल के दाम में तेजी आने की आशंका को बढ़ा दिया है. साल भर पहले भी अमेरिका सीरिया पर हमला कर चुका है, जिससे ग्लोबल मार्केट में तेल की कीमतें 2 फीसदी तक बढ़ गए. कच्चे तेल की कीमत 55.59 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई. भारत अपनी खपत का 80 प्रतिशत के करीब तेल मध्य-पूर्वी देशों से आयात करता है. इस तरह अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमत बढ़ने का सीधा असर भारत पर भी होगा. 

भारत कहां खड़ा है?

भारत की मुश्किल ये है कि मध्य पूर्व का ये इलाका उसकी ऊर्जा जरूरतों के लिए जरूरी है. इसीलिए वो सीरिया संकट का समाधान बातचीत के जरिए ही चाहेगा. हालांकि भारत सीरिया में हुए केमिकल अटैक की निंदा कर चुका है. लेकिन भारत के इसके आगे जाने की संभावना कम है. जानकारों का मानना है कि भारत खामोश रहना ही बेहतर समझेगा.

दरअसल सीरिया में गृह युद्ध चल रहा है. इसमें राष्ट्रपति असद ने विद्रोहियों के गढ़ में केमिकल अटैक किया, जिससे अमेरिका नाराज हो गया. इस लड़ाई में सीरिया के साथ रूस और ईरान हैं तो सीरिया के विद्रोहियों को अमेरिका का समर्थन है.

No comments