दादा संग फिर हुआ ‘धोखा’ ! अशोक धवन को मिला विधान परिषद् का टिकट - TWC News Reporter

Breaking News

दादा संग फिर हुआ ‘धोखा’ ! अशोक धवन को मिला विधान परिषद् का टिकट

बनारस। भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता और वाराणसी शहर दक्षिणी से सात बार के विधायक श्‍यामदेव राय चौधरी ‘दादा’ को पार्टी ने एक बार फिर गच्‍चा दे दिया है। विधानसभा का टिकट कटने के बाद पार्टी की ओर से उन्‍हें विधान परिषद भेजने का आश्‍वासन दिया गया था, लेकिन आज (रविवार को) जारी हुई लिस्‍ट में दादा के स्‍थान पर पार्टी ने वाराणसी के वरिष्‍ठ भाजपा नेता अशोक धवन पर दांव खेल दिया है।
13 उम्‍मीदवारों की लिस्‍ट जारी
भाजपा ने यूपी और बिहार के उच्‍च सदनों के लिये पार्टी उम्‍मीदवारों की लिस्‍ट जारी कर दी है। सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि लिस्‍ट में 13 लोगों के नाम हैं, जिसमें दादा को जगह नहीं दी गयी है। पार्टी ने यूपी और बिहार, दोनों राज्‍यों से क्रमश: 10 और 3 उम्‍मीदवारों के नाम की घोषणा की है।

दादा ने कहा राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष ने नहीं किया आश्‍वासनों का सम्‍मान
इधर भाजपा के कद्दावर नेता को पार्टी की ओर से एक बार फिर गच्‍चा दिये जाने से कार्यकर्ताओं में हैरानी है। खुद श्‍यामदेव रॉय चौधरी ‘दादा’ ने भी  फोन पर बात करते हुए इसे काशी की जनता के लिये दु:ख का विषय बताया। दादा ने आश्‍चर्य प्रगट करते हुए भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष अमित शाह के फैसले को स्‍वीकार किया है। हालांकि, उन्‍होंने ये भी जोड़ा कि पार्टी की ओर से फुल बेंच आश्‍वासन मिलने के बावजूद अगर राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष अपने आश्‍वासनों का सम्‍मान नहीं करते तो इसमें क्‍या कहा जा सकता है।

बोले अशोक धवन, पार्टी के फैसले का सम्‍मान करता हूं
इधर भाजपा की ओर से विधान परिषद उम्‍मीदवारों की लिस्‍ट जारी होते ही भाजपा के वरिष्‍ठ नेता अशोक धवन लखनऊ के लिए रवाना हो गये हैं। अशोक धवन ने कहा कि पार्टी जो भी जिम्‍मेदारी उन्‍हें सौंपेगी वो उसका सम्‍मान करेंगे।


भाजपा के वरिष्‍ठ नेता अशोक धवन
इन नेताओं को मिला टिकट
भारतीय जनता पार्टी ने उत्‍तर प्रदेश में जिन प्रमुख उम्‍मीदवारों को टिकट दिया है, उनमें डॉ महेन्‍द्र सिंह, मोहसिन रजा, डॉ सरोजिनी अग्रवाल, बुक्‍कल नवाब, यशवंत सिंह, जयवीर सिंह, विद्यासागर सोनकर, विजय बहादुर पाठक, अशोक कटारिया और अशोक धवन शामिल हैं।


विधान परिषद के लिए उम्‍मीदवार बनाये गये बीजेपी नेताओं की लिस्‍ट
26 अप्रैल को होगा चुनाव
बता दें कि चुनाव आयोग ने यूपी विधान परिषद की 13 सीटों पर चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है। 16 अप्रैल तक नामांकन होंगे। चुनाव एवं मतणगना 26 अप्रैल को होगी। विधान परिषद में इस समय सपा के 61, भाजपा के 13, बसपा के 9 और कांग्रेस के 2 सदस्य हैं। यूपी विधान परिषद में सीटों की कुल संख्‍या 100 है।

No comments