उन्नाव रेप केस: सीएम योगी बोले- दोषी कोई भी हो, नहीं बख्शेंगे - TWC News Reporter

Breaking News

उन्नाव रेप केस: सीएम योगी बोले- दोषी कोई भी हो, नहीं बख्शेंगे

उन्नाव रेप केस में पीड़िता के पिता की जेल में संदिग्ध मौत मामले में विपक्ष जहां योगी सरकार पर हमलावर है, वहीं सरकार मामले में निष्पक्ष कार्रवाई का दावा कर रही है. सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा​ किसी भी दोषी को नहीं बख्शेंगे. सीएम योगी ने कहा कि ये दुर्भाग्यपूर्ण घटना है. एडीजी लखनऊ से इस मामले की गहनता से जांच के आदेश दिए गए हैं. दोषी चाहे कोई भी हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.


इससे पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट कर सीएम योगी से नैतिक आधार पर इस्तीफा मांग लिया. अखिलेश यादव ने ट्वीट किया कि मुख्यमंत्री आवास पर आत्मदाह की कोशिश करने वाली रेप पीड़िता के पिता की ‘पुलिस कस्टडी’ में दर्दनाक मृत्यु अत्यंत दुखदायी है. इसकी सर्वोच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. महिलाओं के मान की रक्षा के लिए नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मुख्यमंत्री को तुरंत इस्तीफ़ा दे देना चाहिए.

 वहीं कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने ट्वीट कर इस घटना को भयानक और बर्बर करार दिया है. उन्होंने लिखा है कि बलात्कार पीड़िता आत्महत्या का प्रयास करती है और उसके पिता की पुलिस कस्टडी में पिटाई की जाती है और उसकी मौत हो जाती है. यूपी की बीजेपी सरकार अपराधियों को पकड़ने की बजाए पीड़ितों को ही गिरफ्तार कर रही है. यूपी में गुंडा राज चल रहा है.
बसपा के सुधीन्द्र भदौरिया ने कहा कि बलात्कार पीड़िता के पिता की पुलिस कस्टडी में मौत हो गई, ये बहुत गंभीर मामला है. योगी जी के शासन में कानून व्यवस्था फेल है और मोदी जी मौन हैं. जनता त्राहि-त्राहि कर रही है.
बता दें, रविवार को लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास के सामने रेप पीड़िता ने आत्मदाह की कोशिश की थी. आज उसके पिता की उन्नाव जेल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. परिजनों ने रेप के आरोपी बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पर जेल में हत्या कराने का आरोप लगाया है. आरोप है कि 3 अप्रैल को मुकदमा वापस न लेने पर विधायक के भाई ने पीड़िता के पिता को जमकर पीटा था.

परिजनों का आरोप है कि बुरी तरह घायल होने के बाद भी पुलिस ने पीड़ित के पिता पर ही मुकदमा लिख कर जेल भेज दिया था. सोमवार को जेल में हालत ख़राब होने के बाद रेप पीड़िता के पिता को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

No comments