सुबह-सवेरे ही चौकाघाट जेल में हुई जबरदस्‍त छापेमारी, बैरकों में घुसकर DM-SSP ने पकड़ा बड़ा खेल - TWC News Reporter

Breaking News

सुबह-सवेरे ही चौकाघाट जेल में हुई जबरदस्‍त छापेमारी, बैरकों में घुसकर DM-SSP ने पकड़ा बड़ा खेल

बनारस। एक तरफ जहां डीएम के निर्देश पर एडिशनल सिटी मजिस्‍ट्रेट्स व वाराणसी पुलिस सुबह 6 बजे से ही वाहनों की चेकिंग में जुटी हुई है, वहीं दूसरी तरफ जिलाधिकारी के नेतृत्‍व में चौकाघाट स्‍थित जिला जेल में जबरदस्‍त छापेमारी की गयी है।
एसएसपी आरके भारद्वाज, सिटी मजिस्‍ट्रेट डॉ विश्राम के साथ डीएम ने जेल के विभिन्‍न बैरकों का सूक्ष्‍मता से निरीक्षण किया। चौंकाने वाली बात ये रही कि जेल में चेकिंग के दौरान एक बार फिर बड़े पैमाने पर मोबाइल फोन मिले हैं। इसके अलावा वाराणसी जिला जेल से कई और आपत्‍तिजनक सामग्रियां मिलने की बात भी सामने आ रही है।
जिलाधिकारी के नेतृत्व में दल बल के साथ आला अधिकारी सुबह के वक्त ही जेल पहुंचे और ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू हो गई। लगभग 2 घंटे तक जेल के सभी बैरकों, हॉस्पिटल में यहां तक कि शौचालय तक को खंगाला गया। इस दौरान पूर्वांचल के अलग-अलग जिलों से बंद कई शातिरों के पास से 8 मोबाइल फोन और 9 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
चौंकाने वाली बात तो यह है कि मोबाइल फोन जेल में लगे जैमर के बावजूद लगातार इस्तेमाल किए जा रहे थे। इसका खुलासा खुद जिलाधिकारी योगेश्वर राम मिश्र ने किया, उन्होंने यह माना कि जेल में लगे मोबाइल नेटवर्क जैमर की रीच 2जी और 3जी मोबाइल तक ही सीमित है, जबकि कैदी 4जी मोबाइल का इस्तेमाल कर रहे थे, यानी 4G नेटवर्क के बल पर जेल से बड़ा खेल चल रहा है। जिलाधिकारी ने बताया कि हम शासन को लेटर लिख रहे हैं कि ऐसे जैमर उपलब्ध कराये जाएं जिससे जेल में 4जी मोबाइल सेवा भी प्रभावित हो सकें।
जिलाधिकारी योगेश्वर राम मिश्रा ने बताया कि काफी दिन से शिकायतें मिल रही थी, जिसपर आज यह कार्रवाई की गयी है। इसमें अलग अलग बैरकों से 8 मोबाइल और 9 सिम कार्ड बरमाद हुए हैं। इसके अलावा इनके पास से कुछ डायरियां भी मिली हैं, जिसमे कई सारे नंबर मौजूद है उनकी जांच कराई जा रही है।
गौरतलब है कि वाराणसी के जिला जेल में इस वक्त दो हजार से ज्यादा बंदी मौजूद हैं, जो कि अपने क्षमता से काफी ज्यादा है। ओवरलोडेड जेल में पिछले दिनों भी प्रशासनिक छापेमारी के दौरान 8 मोबाइल फोन बरामद हुए थे।

सुबह-सुबह ही वाराणसी जिला जेल में जिलाधिकारी योगेश्‍वर राम मिश्र के नेतृत्‍व में मारे गये छापे से हड़कंप मचा हुआ है।

No comments