जन्‍मदिन मनाने बनारस पहुंचे PM मोदी, एयरपोर्ट पर CM योगी ने की आगवानी - TWC News Reporter

Breaking News

जन्‍मदिन मनाने बनारस पहुंचे PM मोदी, एयरपोर्ट पर CM योगी ने की आगवानी

नारस। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर सोमवार शाम पौने पांच बजे पहुंच चुके हैं। पीएम के आगमन के मद्देनजर सारी तैयारियां पहले ही पूरी हो चुकी हैं। प्रधानमंत्री भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे।
यहां प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ, BJP प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र पाण्डेय, राज्‍यमंत्री नीलकंठ तिवारी, राज्‍यमंत्री अनिल राजभर, विधायक रविन्द्र जायसवाल, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक डॉ अवधेश सिंह, जिला पंचायत अध्‍यक्ष अपराजिता सोनकर, वाराणसी की मृदुला जायसवाल, वाराणसी एयरपोर्ट के डायरेक्‍टर अनिल कुमार राय, सीआईएसएफ के डिप्‍टी कमांडेंट सुब्रत झा, एयरपोर्ट की प्रबंधक आप्‍ता सहित जिले के वरिष्‍ठ अधिकारियों ने उनकी आगवानी की।
प्रधानमंत्री यहां से सेना के चॉपर के जरिये डीरेका के केंद्रीय मैदान के पहुंच चुके हैं। यहां उनका स्‍वागत आंगनबाड़ी और आशा ज्‍योति संस्‍था की 111 महिला कार्यकत्रियों ने किया।
नरउर में बच्‍चों से करेंगे संवाद
प्रधानमंत्री इसके बाद सीधे डीरेका के ऑफिसर्स गेस्‍ट हाउस पहुंचे हैं। यहां अल्‍प विश्राम के बाद उनका काफिला सड़क मार्ग से रोहनिया के नरउर गांव के प्रथमिक विद्यालय पहुंचेगा। प्रधानमंत्री यहां विद्यालय के नन्‍हें मुन्‍ने बच्‍चों के साथ केक काटकर अपना 68वां जन्‍मदिन मनाएंगे। प्रधानमंत्री नरउर प्राथमिक विद्यालय में बच्‍चों से सीधा संवाद भी करेंगे।

देखेंगे विकास का प्रेजेंटेशन
नरउर में बच्चो के साथ अपना जन्मदिन मनाने के बाद पीएम वापस डीरेका आएंगे। यहां पीएम वाराणसी में बीते चार साल में अबतक हुए विकास कार्य व बदलाव, प्रवासी भारतीय सम्मेलन की तैयारियां व काशी विश्वनाथ मंदिर विस्तारीकरण बाबत प्रेजेंटेशन देखेंगे। जिसकी पूरी जानकारी पीएम को जिला प्रशासन देगा।

जा सकते हैं काशी विश्‍वनाथ मंदिर
इसके बाद प्रधानमंत्री डीरेका के छविगृह में अपने जीवन बनी ‘चलो जीते हैं’ फिल्म बच्चो के साथ देखेंगे। अपने आरक्षित समय के दौरान देर रात पीएम काशी विश्वनाथ मन्दिर में दर्शन-पूजन के लिए भी जा सकता हैं। इसके बाद डीरेका गेस्ट हाउस में पीएम रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन सुबह बीएचयू के एम्फीथियेटर में प्रधानमंत्री जनसभा को सम्बोधित करेंगे।

देंगे कई योजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 18 सितम्बर को बीएचयू सभा स्थल से अपने जन्मदिन में मिले तोहफे के बाद काशी की जनता को रिटर्न गिफ्ट के रूप में 557.40 करोड़ की योजनाओं की सौगात देंगे। इस दौरान पीएम मोदी अटल इन्क्यूबेशन सेंटर, नागेपुर ग्राम पेयजल योजना, पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही बीएचयू में बनने वाले वेद विज्ञान केंद्र व रीजनल इंस्टिट्यूट ऑफ आपथेल्मोलाजी व काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का शिलान्यास करेंगे। जनसभा के बाद पीएम मोदी दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

हुआ डमी ग्रैंड रिहर्सल
पीएम आगमन के मद्देनजर रविवार की शाम सुरक्षा का डमी ग्रैंड रिहर्सल किया गया। इस दौरान डीरेका मैदान, नरउर गाव बीएचयू सभास्थल का एसपीजी ने दौरा किया। एडीजी जोन पीवी रामा शास्त्री की अगुवाई सुरक्षा कर्मियों को पोजिशन में तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था जांची गई। हेलीकॉप्टर लैंडिंग के साथ ही डीरेका से नरउर गांव तक फ्लीट का डमी ग्रैंड रिहर्सल किया गया।

इतने सुरक्षाकर्मी रहेंगे पीएम सुरक्षा में तैनात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा व्यवस्था इतनी सख्त बनाई गई है कि परिंदा भी पर न मार सके। वही एसपीजी भी कहीं से कोई कमी नहीं छोड़ना चाह रही है। सुरक्षा व्यवस्था बाबत एडीजी जोन पीवी रामा शास्त्री ने बताया कि प्रधानमंत्री के दो दिवसीय दौरे के मद्देनजर एसपीजी कमांडो, एटीएस कमांडो और केंद्रीय खुफिया इकाइयों के अधिकारियों के अलावा पुलिस, पीएसी और सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स के 8000 से ज्यादा जवानों को तैनात किया गया है।


=====================================================

No comments