वाराणसी में सरेराह वारदात, सराफा कारोबारी को तमंचे के बल पर लूटा, पत्नी को किया अगवा - TWC News Reporter

Breaking News

वाराणसी में सरेराह वारदात, सराफा कारोबारी को तमंचे के बल पर लूटा, पत्नी को किया अगवा

वाराणसी न्यूज़ -: वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र के भठौली में रविवार की रात सरेराह अंजाम दी गई सनसनीखेज वारदात से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। रात दो बजे के लगभग पिकअप सवार पांच बदमाशों ने एक सराफा कारोबारी से लूटपाट किया और उसकी पत्नी को अगवा कर लिया। घटनास्थल पर टूटी हुई चूड़ियां और साड़ी सहित अन्य कपड़े मिले।
हालांकि सोमवार को सराफा कारोबारी की पत्नी बाबतपुर क्षेत्र के सिसवा स्थित घर पहुंच गई और बताई कि बदमाशों ने उसे गाजीपुर के नंदगंज में पिकअप से उतार दिया था। वह किसी तरह से घर तक पहुंची।  सनसनीखेज तरीके से सरेराह अंजाम दी गई वारदात को लेकर पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।

मामले की जानकारी के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुटी हुई है। भुक्तभोगी के अनुसार उससे सात हजार रुपये, तीन मोबाइल और पत्नी के करीब 30 हजार के जेवर लूटे गए हैं। फूलपुर थाना अंतर्गत सिसवा का मूल निवासी संजय सेठ गाजीपुर के सादात क्षेत्र के मंगारी चट्टी गांव में आभूषण की दुकान  है।

सोमवार की रात चार पहिया वाहन से संजय की पत्नी, बच्चे व रिश्तेदार और बाइक से संजय मंगारी चट्टी से सिसवा के लिए निकले। मोहांव के समीप संजय की पत्नी को मिचली आने लगी तो वो बाइक पर बैठ गई। संजय के अनुसार आगे बढ़ने पर भठौली स्थित पेट्रोल पंप के समीप पिकअप सवार पांच बदमाश ओवरटेक कर बाइक रोक लिए। तमंचा सटाकर लूटपाट करने के बाद बदमाश उसकी पत्नी को जबरन पिकअप में बैठा लिए।

चोलापुर थाने में मौजूद संजय ने सोमवार को बताया कि पत्नी सकुशल घर पहुंच गई है और सुरक्षित है। घटनास्थल पर मिली साड़ी और टूटी हुई चूड़ियां उसकी पत्नी की नही हैं। वारदात की जानकारी पाकर अपनी टीम के साथ चोलापुर थाने पहुंचे क्राइम ब्रांच प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि तफ्तीश की जा रही है। पूछताछ में सामने आए तथ्यों और सर्विलांस की मदद से जल्द ही वारदात की गुत्थी सुलझाई जाएगी।

No comments