वाराणसी में फौजी भाइयों ने चौकी प्रभारी और सिपाही पर बोला हमला, मचा हड़कंप - TWC News Reporter

Breaking News

वाराणसी में फौजी भाइयों ने चौकी प्रभारी और सिपाही पर बोला हमला, मचा हड़कंप

वाराणसी न्यूज़ -: वाराणसी के कछवा रोड पुलिस बूथ के सामने ट्रक की टक्कर से घायल युवक को लेकर आर्मी और नेवी में तैनात दो सगे भाई दरोगा और सिपाही से भिड़ गए। दोनों भाइयों के हमले में कछवा रोड चौकी प्रभारी सुरेंद्र यादव और सिपाही प्रवीण यादव घायल हो गए। हमले में चौकी प्रभारी के सिर पर चोट आई और सिपाही का पैर फ्रैक्चर हो गया है। घटना रविवार दोपहर की है। 
 घायल चौकी प्रभारी की तहरीर पर मिर्जामुराद थाने में रोहनिया के असवारी निवासी रमाशंकर यादव और शिवशंकर यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। रमाशंकर नेवी में केरल में और शिवशंकर जम्मू कश्मीर में थल सेना में तैनात बताया गया है। थानाध्यक्ष मिर्जामुराद ने बताया कि दोनों भाइयों ने पुलिस के काम में अनावश्यक हस्तक्षेप कर मारपीट की। दोनों को जेल भेजा जाएगा।

कछवा रोड बाजार में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार मिर्जापुर का सवेसर निवासी मुन्ना यादव घायल हो गया था। पुलिस ने मुन्ना को निजी अस्पताल में भर्ती कराया और चालक को हिरासत में लेकर ट्रक कछवा रोड बाजार चौकी ले जाने लगी। बताया जाता है कि इसी दौरान बाइक सवार रमाशंकर और शिवशंकर मौके पर पहुंच गए।

दोनों का आरोप था कि पुलिस हादसे के बावजूद ट्रक को छोड़ रही है। दोनों ने कछवा रोड चौकी प्रभारी और सिपाही से कहासुनी शुरू कर दी। बात बढ़ने पर दोनों भाइयों ने पुलिस बूथ पर रखी बेंच को उठा कर दरोगा और सिपाही पर हमला कर दिया।  जानकारी मिलते ही मिर्जामुराद थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर थाने ले गए।

No comments