वाराणसी के 14वें दौरे पर 17 घंटे रहे पीएम मोदी, तस्वीरों में देखें प्रमुख झलकियां
1) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 14वां काशी दौरा कई मायनों में खास रहा। जन्मदिन के मौके पर काशी पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बार बच्चों के साथ जन्मदिन मनाया तो अगले दिन काशी की जनता से संवाद कर अपने अपने चार साल के काम का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। कुल मिलाकर 17 घंटे के प्रवास में प्रधानमंत्री ने काशी की जनता को अपनेपन का संदेश दिया। 68वें जन्मदिन पर संसदीय क्षेत्र में मिला अभूतपूर्व अपनापन पीएम मोदी को हमेशा याद रहेगा। सोमवार शाम से लेकर मंगलवार दोपहर तक ताबड़तोड़ कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
2) 68वां जन्मदिन अपने संसदीय क्षेत्र में मना कर पीएम मोदी ने यहां के जन-जन से अपने रिश्तों को और मजबूती दी। सोमवार की शाम पांच बजे वाराणसी पहुंचे पीएम मोदी ने नरउर प्राथमिक विद्यालय में बच्चों से संवाद किया। इसके बाद डीरेका में कूड़ा बीनने वाले बच्चों से मुलाकात कर उन्हें अपना दोस्त बनाया। काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन के बाद प्रधानमंत्री मंडुवाडीह स्टेशन पर अपना प्रोटोकाल तोड़कर पहुंचे। वहां मौजूद यात्रियों के बीच स्टेशन का निरीक्षण कर विकास कार्य, प्रवासी भारतीय सम्मेलन और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर पर बैठक कर समीक्षा की।
3) मंगलवार को जनसभा में बनारसी अंदाज में बातचीत शुरू कर पीएम ने एक बार फिर काशी से अपना नाता जोड़ा। 17 घंटे के प्रवास के दौरान पीएम ने संगठन के लोगों से दूरी रखी और अपने इस दौरे को जनता के साथ ही जोड़े रखा। बीएचयू में जनसभा के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने दोपहर 1:05 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट से नई दिल्ली के लिए उड़ान भरी। पीएम मोदी ने बीएचयू में आयोजित जनसभा में राजनीति से दूरी बनाए रखी। अपने 44 मिनट के भाषण में पीएम ने केवल अपने चार साल के काम काज की बात की। महामना के चित्र पर माल्यार्पण और कुल गीत के बाद पीएम ने अपने पूरे भाषण को काशी के विकास और चार साल पहले के हालत पर ही केंद्रित रखा।
4) प्रधानमंत्री ने बीएचयू की जनसभा के दौरान बनारसी अंदाज में कहा काशीवासियों को मेरा प्रणाम बा, हमरे काशी क लोगन हमें एतना प्यार देहलन, सच में मन ह्दय गदगद हो जाला, आप लोगन क बेटा हई, समय निकाल बार बार काशी आवै क मन करेला। अपने भाषण के शुरू में पीएम ने जैसे ही हर हर बोला तब तक जनता ने भी उनके सुर में सुर मिलाकर हर हर महादेव का उद्घोष किया। काशी में हर किसी का अभिनंदन हर हर महादेव से होता है। इसी परंपरा का निर्वहन पीएम ने किया।
5) पीएम मोदी ने बीएचयू के एंफीथिएटर मैदान में अपने 68वें जन्मदिन 68वां आम का पौधा लगाया। इसके पूर्व बीएचयू के छात्रों ने विभिन्न किस्मों के 67 पौधे लगाए थे। पीएम की जनसभा से पूर्व बीएचयू में काशी के बदलते विकास की फिल्म दिखाई गई। इनमें विश्वनाथ कॉरिडोर, आईपीडीएस के तहत बिजली के तारों से दिलाई गई मुक्ति, एलईडी लाइट के अलावा अटल इंक्यूबेशन सेंटर से जुड़ी फिल्म दिखाई गई।
6) पीएम ने कहा कि लोग जब सोशल मीडिया पर कैंट स्टेशन की सेल्फी पोस्ट करते हैं तो मेरी प्रसन्नता दुगुनी हो जाती है। मंडुवाडीह, कैंट स्टेशन, सिटी स्टेशन की नई नई तस्वीर सोशल मीडिया पर डाली जाती हैं। जनसभा के दौरान अचानक व्यक्ति खड़े होकर मोदी मोदी चिल्लाने लगा तो प्रधानमंत्री उसे संबोधित कर बोले, बैठिए भइया। आपका प्यार मंजूर है भइया। इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर हर हर महादेव के नारे लगने लगे।
7) पीएम मोदी ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के तीन लोगों को योजनाओं के लाभ का प्रमाण पत्र दिया। इनमें विनोद प्रजापति को इलेक्ट्रिक चाक, ओंकारनाथ केा मधुमक्खी बाक्स, संदीप सिंह को रेडीबार्प मशीन का प्रमाण पत्र दिया। पीएम ने जनसभा के दौरान अचानक बदलती काशी के बारे में भीड़ से पूछा कि पहले और अब में अंतर दिखता है, बदलाव आया है। धरती पर परिवर्तन दिख रहा है। भीड़ बोली, हां दिख रहा है।
8) काशी प्रवास के दौरान मंगलवार की सुबह प्रधानमंत्री ने दिन की शुरुआत योग से की। सुबह उठने के बाद गुनगुना पानी पिया। नहाने के बाद सूरन टमाटर की सब्जी, कुट्टू की पुड़ी, मूंगफली का दाना, आलू साबूदाना की टिक्की, साबूदाना की खीर लेकर थोड़ी देर आराम किया।
9) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को बाबतपुर एयरपोर्ट पर पहुंचे तो उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष अपराजिता सोनकर, मेयर मृदुला जायसवाल, अल्पसंख्यक मोर्चा के हैदर अब्बास, एमएलसी चेतनरायण सिंह, सांसद रामचरित्र निषाद, विधायक अवधेश सिंह, रवींद्र जायसवाल सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री बाबतपुर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए 1:05 बजे उड़ गये।
10) एंफीथिएटर मैदान में प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम की शुरुआत से पहले महामना मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद वो अपने नियत स्थान पर बैठ गए। इसी बीच बीएचयू का कुलगीत शुरू हुआ तो भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने उन्हें कहा कि खड़े हो जाएं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की बात सुन कर प्रधानमंत्री कुर्सी से उठे और कुलगीत खत्म होने के बाद हाथ जोड़कर श्रद्धाभाव प्रकट करते हुए बैठे।

No comments