मोदी सरकार ने वाराणसी एयरपोर्ट को दी बड़ी सौगात, बढ़ेगा रोजगार, यात्रियों को भी मिलेगी सुविधा - TWC News Reporter

Breaking News

मोदी सरकार ने वाराणसी एयरपोर्ट को दी बड़ी सौगात, बढ़ेगा रोजगार, यात्रियों को भी मिलेगी सुविधा

नारस। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आगामी 17 सितम्‍बर को अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर आ रहे हैं। अपना 68वां जन्‍मदिन मनाने काशी आ रहे प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी अपने लोकसभा क्षेत्र को क्‍या रिटर्न गिफ्ट देंगे ये तो फिलहाल राज़ है, मगर बनारस आने से पहले ही मोदी सरकार के नागर विमानन निदेशालय ने यहां के लाल बहादुर शास्‍त्री अन्‍तरराष्‍ट्रीय हवाई अड्डे को बड़ी सौगात दे दी है।
बता दें कि चार महीने बाद ही वाराणसी में अप्रवासी भारतीय दिवस मनाया जाने वाला है, जिसे लेकर वाराणसी में हर तरफ बड़े बदलावों का दौर शुरू हो चुका है। इसी क्रम में भारत सरकार ने वाराणसी एयरपोर्ट को भी अब 24 घंटे उड़ान और लैंडिंग की सुविधा प्रदान कर दी है।

वाराणसी के लाल बहादुर शास्‍त्री अन्‍तरराष्‍ट्रीय हवाईअड्डे के निदेशक अनित कुमार राय

भारत सरकार के अधीन नागर विमानन निदेशालय ने वाराणसी के लालबहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे को 24 घंटे उड़ान और ठहराव की अनुमति दे दी है। अब यहां आधी रात को भी विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ हो सकेगी।
लालबहादुर शास्त्री अंतरराष्‍ट्रीय एयरपोर्ट वाराणसी के निदेशक अनिल कुमार राय ने शुक्रवार शाम एक प्रेस कांफ्रेंस करते हुए इस गुड न्‍यूज को मीडिया के साथ साझा किया है। उन्होंने बताया कि नागर विमानन निदेशालय भारत सरकार ने लालबहादुर शास्त्री इंटरनेशनल एयरपोर्ट को 24 घंटे हवाई जहाज के उड़ान और ठहराव की अनुमति दे दी है। उन्‍होंने इसे वाराणसी एयरपोर्ट के इतिहास का स्वर्णिम दिन बताया है।
एयरपोर्ट निदेशक के अनुसार 29 अक्टूबर 2018 को जेट एयरवेज सुबह 6 बजकर 30 मिनट पर दिल्ली के लिए उड़ान भरकर इस स्वर्णिम इतिहास की शुरुआत करेगा। जेट एयरवेज की ओर से सबसे पहले यह सुविधा प्रदान की जा रही है। जल्‍द ही सभी एयरलाइन्‍स इस सुविधा को प्रदान करने के लिए शिड्यूल बना रहे हैं।
उन्‍होंने बताया कि ऐसा होने से बहुत बड़े पैमाने पर यहां इम्‍प्‍लॉयमेंट जनरेट होगा, साथ ही यात्रियों को भी 24 घंटे यात्रा की सुविधा मिलेगी।
सिर्फ इतना ही नहीं वाराणसी एयरपोर्ट बहुत जल्‍द दो मेगावाट का सोलर पॉवर प्‍लांट लगाने जा रहा है। इसके अतिरिक्‍त पैसेंजर को गाइड करने के लिय नये डिजिटल सिस्‍टम को भी तैयार किया जा रहा है जो एयरपोर्ट आने वाले पैसेंजर को हाईवे से लेकर एयरक्राफ्ट तक उनकी मदद करेगा।
एयरपोर्ट निदेशक के अनुसार जल्‍द ही वाराणसी एयरपोर्ट प्रशासन इनलाइन बैगेज हैंडलिंग सिस्‍टम पर भी सुविधा पैसेंजर्स को प्रदान करने वाला है, जिससे उन्‍हें काफी सुविधा होगी।
एयरपोर्ट निदेशक अनिल कुमार राय ने हमें बताया कि एयरपोर्ट पर पांच अतिरिक्‍त कांउटर खोले गये हैं। इसमें डपार्चर के कन्‍वेयर बेल्‍ट को भी बढ़ाया गया है, इससे एयरवेज और यात्री दोनों को सुविधा होगी।
यही नहीं सुरक्षा के लिहाज से भी अब एयरपोर्ट को और ज्‍यादा अभेद बनाया जा रहा है। अब आधार कार्ड से यात्री के चेहरे को पहचान कर के ही उसको एयरपोर्ट के अंदर इंट्री दी जायेगी, यानि अब आने वाले दिनों में टिकट चेकिंग आधारकार्ड के जरिये ही होगी।
प्रेस कॉन्‍फ्रेंस के दौरान सीआईएसएफ के डिप्टी कमाण्डेंट सुब्रत झा, एयरपोर्ट की प्रबंधक आप्ता, स्पाइसजेट के सुरक्षा प्रबंधक विवेक, जेट एयरवेज के स्टेशन प्रबंधक राजेश राय, विस्तारा की स्टेशन प्रबंधक निहारिका, इंडिगो के सुरक्षा प्रबंधक वैभव, इंडो थाई के स्टेशन प्रबंधक शरद मिश्रा सहित एयरपोर्ट के सभी अधिकारीगण मौजूद रहे।
====================================================
 

No comments