अपने दारोगा के साथ खड़ी हुई वाराणसी पुलिस, भाजपा नेता समेत 25 पर केस दर्ज, Live VNS ने उठाया था मामला - TWC News Reporter

Breaking News

अपने दारोगा के साथ खड़ी हुई वाराणसी पुलिस, भाजपा नेता समेत 25 पर केस दर्ज, Live VNS ने उठाया था मामला

बनारस। अखरी चौकी घेराव व चौकी इंचार्ज को भद्दी-भद्दी गाली देने के मामले में वाराणसी पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में भाजपा नेता सहित 8 नामजद व 20-25 अज्ञात के खिलाफ रोहनिया थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

इनके खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
शुक्रवार को चौकी प्रभारी अखरी त्रिवेणी सिंह की तहरीर पर भाजपा नेता धर्मेंद्र राजभर, श्री धर पांडेय, राजेश कुमार दुबे, राजकुमार, प्रदीप राजभर, रमेश राजभर, लक्ष्मण राजभर, भानु पटेल सहित 20-25 अज्ञात के खिलाफ धारा 147 148 152 186 353 487 504 506 7 CLA एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। ड्यूटीरत दारोगा को गाली देने का वीडियो वायरल होने के बाद वाराणसी पुलिस महकमे में इसे लेकर गुस्सा व्याप्त था।

सत्तापक्ष से जुड़ा है मामला
मामला चूंकि सत्तापक्ष से जुड़ा था इसलिए कोई भी अधिकारी इसपर खुल के बोलने को तैयार नहीं है। फिलहाल सूत्रों की मानें तो पुलिस किसी भी आरोपी को बख्शने के मूड में नहीं है।


क्षेत्र में लठिया गांव निवासी अशोक यादव व राम जी यादव आपस में बाप-बेटे हैं। इनका विवाद 7 अप्रैल को हुआ था। मामला अखरी पुलिस चौकी पहुँचा तो पुलिस ने इन दोनों के साथ ही गांव के राजनाथ यादव को भी पूछताछ के लिए चौकी पर बैठा लिया था। इसकी जानकारी होने पर पुलिस द्वारा बैठाए गये लोगो को छुड़ाने के लिए सुंदरपुर निवासी भाजपा नेता धर्मेंद्र राजभर अपने कुछ साथियों के साथ रात करीब 9 बजे चौकी पर पहुच गये व चौकी इंचार्ज अखरी त्रिवेणी सिंह से उलझ गए।

दारोगा त्रिवेणी सिंह, जिनके साथ ड्यूटी के दौरान भाजपा नेता और उनके समर्थकों ने की थी बद्तमीजी।
चौकी पर जमकर हुई गुंडागर्दी
इस दौरान भाजपा नेता व समर्थकों तथा पुलिस के बीच काफी गर्मागर्म बहस हुई। आरोप है कि भाजपा नेता ने अपने साथ आये समर्थकों को लामबंद कर चौकी पर घेराव व प्रदर्शन के साथ ही कुछ लोगों द्वारा पुलिस वालों व चौकी प्रभारी के साथ गाली गलौज व दुर्व्यहार किया। सूचना मिलते ही अखरी चौकी पर पहुचे रोहनिया थाना प्रभारी ने आक्रोशित नेता और समर्थकों को समझा बुझाकर किसी तरह मामला शांत कराया।

मामला बढ़ता देख राज्‍यमंत्री ने भाई मानने से किया इनकार
बता दें कि आरोपी भाजपा नेता धर्मेंद्र राजभर जो कि योगी सरकार में राज्‍यमंत्री के रिश्‍ते के भाई बताये जाते हैं, उनके द्वारा अपने समर्थकों के साथ अखरी पुलिस चौकी पर बवाल करने का आरोप लगा है। हालांकि, मीडिया में मामला बढ़ता देख खुद राज्‍यमंत्री ने धर्मेंद्र राजभर को अपना भाई मानने से इनकार कर दिया हे। इधर पुलिस अब चौकी पर गुंडागर्दी और ड्यूटीरत पुलिसकर्मी से अभद्रता करने वालों के खिलाफ कड़ा एक्शन लेने के मूड में है।

No comments