अस्‍सी घाट पहुंचे इस पूर्व CM ने कांग्रेस ही नहीं राहुल को भी लपेटा, क्‍या-क्‍या नहीं कहा - TWC News Reporter

Breaking News

अस्‍सी घाट पहुंचे इस पूर्व CM ने कांग्रेस ही नहीं राहुल को भी लपेटा, क्‍या-क्‍या नहीं कहा

बनारस। एक के बाद एक देश के कई राज्‍यों से साफ हो चुकी कांग्रेस को दुबारा खड़ा करने के लिए भले ही पार्टी के अध्‍यक्ष राहुल गांधी एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हों, लेकिन भारतीय जनता पार्टी के नेतागण भारत की सबसे पुराने राजनीतिक दल को बुझता हुआ दीपक ही मानकर चल रहे हैं।
शुक्रवार शाम वाराणसी पहुंचे उत्‍तराखंड के पूर्व मुख्‍यमंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने कांग्रेस को जमकर आड़े हाथ लिया। निशंक ‘नमामी गंगे’ प्रोजेक्‍ट की ओर से चलाये जा रहे ‘स्‍पर्श गंगा’ कार्यक्रम में शिरकत करने अस्‍सी घाट पहुंचे थे।
कांग्रेस बुझता हुआ दीपक है
कार्यक्रम के बाद Live VNS से बात करते हुए उत्‍तराखंड के पूर्व सीएम ने कांग्रेस को भगोड़ा तक कह डाला। दलित और दुष्‍कर्म के मुद्दे पर मोदी सरकार को घेरने का प्रयास कर रही कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए निशंक ने उसे बुझता हुआ दीपक करार दिया। उन्‍होंने कहा कि जब कभी दिया बुझता है तो बड़ी तेजी के साथ भभकता हे।

राहुल को पता ही नहीं कि वो क्‍या बोलते हैं
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उत्‍तराखंड बीजेपी के कद्दावर नेता रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने कहा कि वो क्‍या बोलते हैं उनको ही पता नहीं होता, ये तो डूबते हुए नांव हैं। इसलिए वो क्‍या बोलें क्‍या नहीं बोलें कोई फर्क नहीं पड़ता। देश उनको अच्‍छी तरह से समझ चुका है।

दलित समाज कांग्रेस से घृणा करता है
दलित मुद्दे पर पूरे देश में सियासत गरम है, इसे लेकर कांग्रेस लगातार प्रधानमंत्री मोदी समेत पूरी सरकार को कठघरे में खड़ा कर रही है। निशंक ने इस मुद्दे पर मीडिया से साफ-साफ लफ्जों में कह दिया कि दलितों को पहली बार बीजेपी सरकार में ही मान सम्‍मान मिल रहा है। देश और खासकर दलित समाज समझ चुका है कि कौन उनके हित के लिये कार्य कर रहा है। दलित समाज आज कांग्रेस से घृणा करता है।

दलितों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए
पूर्व मुख्‍यमंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने कहा कि दलितों को बरगलाने के लिए कांग्रेस और अन्‍य राजनीतिक दल सिर्फ राजनीति कर रहे हैं, इससे उन्‍हें मिलता कुछ भी नहीं। निशंक के अनुसार दलितों के मुद्दों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।

भगोड़ी है कांग्रेस
निशंक ने कांग्रेस को बांटने वाली राजनीति करने वाला बताया। उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा बांटने की राजनीति की है। इसने हमेशा तोड़ने की बात की है, अब जबकि उसका अंत समय आ रहा है तो वह फिर से देश में विभाजन करने की कोशिश कर रही है। निशंक ने मीडिया से भी कहा कि आप कहां कांग्रेस का नाम ले रहे हैं, ये कांग्रेस भागती है, संसद में चर्चा नहीं होने देती। कांग्रेस भगोड़ी है।

बनारस के जाम में फंसे निशंक
स्‍पर्श गंगा कार्यक्रम के लिये उत्‍तराखंड के पूर्व मुख्‍यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक जैसे ही अस्‍सी घाट पर आयोजित कार्यक्रम स्‍थल के समीप पहुंचे उनके काफिले को बनारस के ठेलम-ठेल जाम से दो चार होना पड़ा। काफी देर तक हॉर्न बजाने के बावजूद जब कोई भी अपनी जगह से टस से मस नहीं हुआ तो थक हारकर निशंक गाड़ी से बाहर निकले और पैदल ही कार्यक्रम स्‍थल के लिये चल पड़े।

No comments